खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी– एनकेजे रेलवे स्कूल में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर गुरुवार को एनएसयूआई ने जिला अध्यक्ष अजय खटिक के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में स्कूल के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी शामिल होकर तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति की मांग उठाई। स्थिति को देखते हुए एनकेजे थाना पुलिस का भारी बल मौके पर तैनात रहा।एनएसयूआई का आरोप है कि कक्षा पहली से बारहवीं तक संचालित इस विद्यालय में एक हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि वर्तमान में महज पांच शिक्षक उपलब्ध हैं। शिक्षकों की कमी के चलते स्कूल में नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं और विद्यार्थियों को एक दिन छोड़कर एक दिन स्कूल बुलाया जा रहा है। संगठन का दावा है कि इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है और महीने में लगभग आधे दिन ही कक्षाएं लग पा रही हैं।प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अजय खटिक ने कहा कि शिक्षा हर विद्यार्थी का अधिकार है और शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि रेलवे जैसे केंद्रीय संस्थान के विद्यालय में इस तरह की अव्यवस्था स्वीकार नहीं की जा सकती। विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया जाएगा।चर्चा के बाद मिला लिखित आश्वासनप्रदर्शन के बीच स्कूल प्रबंधन द्वारा रेलवे के उच्च अधिकारियों से चर्चा की गई। चर्चा के बाद एनएसयूआई को लिखित आश्वासन दिया गया कि एक माह के भीतर विद्यालय में आवश्यकता के अनुसार जरूरी शिक्षकों की भर्ती कर ली जाएगी, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई नियमित रूप से संचालित हो सके।लिखित आश्वासन मिलने के बाद फिलहाल एनएसयूआई ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया। हालांकि संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित एक माह की अवधि में शिक्षकों की भर्ती नहीं हुई और स्कूल में नियमित कक्षाएं शुरू नहीं की गईं, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। संगठन ने इसकी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होने की बात कही।अजय खटिक ने कहा कि एनएसयूआई विद्यार्थियों के अधिकार और उनके बेहतर भविष्य के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि संगठन रेलवे प्रशासन द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन पर नजर बनाए रखेगा और समयसीमा पूरी होने के बाद स्थिति की समीक्षा करेगा।प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल पांडे, पार्षद विनीत जायसवाल, चौखे भाईजान, कांग्रेस आईटी सेल अध्यक्ष सुरेंद्र राणा, सुनील श्रीवास, संदीप रजक, सतीश तिवारी, प्रिंस वंशकार, राहुल यादव, प्रज्ज्वल साहू, सौरभ पांडेय, सत्यम द्विवेदी, अनुभव सिंह, अनूप सिंह, आदित्य सिंह, अभिषेक शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308097
