विधानसभा अध्यक्ष बोले- राजनीतिक शुचिता और गरीबों की सेवा का प्रतीक था तिवारी जी का जीवन
उप मुख्यमंत्री ने कहा- त्यौंथर के बड़े विकास कार्यों में स्व. तिवारी का महत्वपूर्ण योगदान
रीवा,चाकघाट स्थित नेहरू स्मारक कॉलेज में पूर्व मंत्री स्वर्गीय रमाकांत तिवारी की छठवीं पुण्यतिथि पर भव्य श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा सहित मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के कई जनप्रतिनिधि, स्थानीय नेता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय तिवारी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि स्वर्गीय रमाकांत तिवारी ने गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा को अपने जीवन का ध्येय बनाया। मंत्री के रूप में हो या विपक्ष में विधायक रहते हुए, उन्होंने त्यौंथर क्षेत्र के विकास और आमजन के हितों के लिए निरंतर कार्य किया। उनका जीवन राजनीतिक शुचिता, संघर्ष और गरीबों की नि:स्वार्थ सेवा का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि तिवारी जी को संगठन और सरकार में जो भी जिम्मेदारी मिली, उसका उन्होंने पूरी निष्ठा से निर्वहन किया। उनका जीवन वर्तमान पीढ़ी के राजनीतिक कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
‘जरूरत पड़ी तो फूलों जैसे कोमल, संघर्ष आया तो वज्र जैसे कठोर थे तिवारी’
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने स्वर्गीय रमाकांत तिवारी को याद करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व फूलों की तरह कोमल था, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर वे वज्र की तरह कठोर निर्णय लेने वाले व्यक्ति थे। उनके दरवाजे गरीबों और जरूरतमंदों के लिए हमेशा खुले रहते थे। जो भी व्यक्ति उनके पास मदद की उम्मीद लेकर पहुंचता था, वे उसकी नि:स्वार्थ सहायता करते थे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय तिवारी ने जो राजनीतिक आदर्श स्थापित किए, उनकी आज भी आवश्यकता है। त्यौंथर क्षेत्र में बड़े विकास कार्यों के लिए उनके योगदान को याद करते हुए उन्होंने त्योंथर के बड़े पुल, उद्वहन सिंचाई परियोजना और जवा-सितलहा पुल सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अपने संघर्ष, निडरता और जनसेवा की भावना के कारण स्वर्गीय तिवारी ने क्षेत्र के लोगों के दिलों में स्थायी स्थान बनाया।
सांसद बोले- ‘जिसका कोई नहीं, उसके साथ तिवारी जी’
रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि स्वर्गीय रमाकांत तिवारी के संबंध में क्षेत्र में कहा जाता था कि जिसका कोई नहीं है, तिवारी जी उसके साथ हैं और यह बात उनके जीवन में पूरी तरह दिखाई देती थी। बाढ़, सूखा और डकैत समस्या जैसे कठिन दौर में भी वे आम जनता के बीच खड़े दिखाई देते थे। उन्होंने कहा कि त्यौंथर के विकास में स्वर्गीय तिवारी की भूमिका को क्षेत्र की जनता लंबे समय तक याद रखेगी। उन्होंने कहा कि उनके पुत्र कौशलेश तिवारी भी उनके जनसेवा के कार्यों और परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
परिजनों ने अतिथियों का किया सम्मान, चाकघाट में सांदीपनि विद्यालय और बाईपास की उठी मांग
कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्वर्गीय रमाकांत तिवारी के व्यक्तित्व, संघर्ष और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय तिवारी के परिजनों कौशलेश तिवारी, मनभाकर तिवारी, सरोज तिवारी एवं सुमन तिवारी ने विधानसभा अध्यक्ष, उप मुख्यमंत्री, सांसद, विधायकगण एवं अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
आभार प्रदर्शन करते हुए कौशलेश तिवारी ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को मार्गदर्शक एवं संरक्षक बताते हुए कहा कि उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सदैव त्यौंथर के विकास कार्यों में सहयोग दिया है। उन्होंने चाकघाट में सांदीपनि विद्यालय खोले जाने तथा बाईपास निर्माण की मांग भी उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
कार्यक्रम का कुशल संचालन राहुल शुक्ला ने किया। समारोह में विधायक गुढ़ नागेंद्र सिंह, विधायक मनगवां नरेंद्र प्रजापति, विधायक चित्रकूट सुरेंद्र सिंह गहरवार, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पांडेय, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता सहित सुनील पांडेय, कमलेश्वर सिंह, विद्याप्रकाश तिवारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं हजारों की संख्या में आमजन मौजूद रहे ।
