इंदौर/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के कथित वायरल वीडियो को लेकर इंदौर में चल रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच मामले में नया मोड़ सामने आया है। जिस महिला पार्षद के बयान का हवाला देकर कांग्रेस ने मंत्री पर सवाल उठाए थे और उनके इस्तीफे की मांग की थी, अब वही पार्षद खुलकर विजयवर्गीय के समर्थन में सामने आई हैं। इंदौर नगर निगम के वार्ड नंबर 6 से भाजपा पार्षद संध्या यादव ने कैलाश विजयवर्गीय को लेकर कहा कि वे उनके लिए पिता के समान हैं। संध्या यादव के मुताबिक, विजयवर्गीय ने उन्हें बचपन से स्नेह दिया है और उन्हें अपनी गोद में भी खिलाया है।
‘चौड़ाई बढ़ने’ वाली टिप्पणी पर पार्षद ने दी सफाई
वायरल वीडियो में सामने आई ‘चौड़ाई बढ़ने’ वाली टिप्पणी को लेकर संध्या यादव ने कहा कि इसे गलत संदर्भ में लिया जा रहा है। उनके अनुसार, मालवा क्षेत्र में इस तरह की भाषा सामान्य बोलचाल और स्नेह जताने के तौर पर इस्तेमाल होती है। उन्होंने कहा कि परिवार या समाज में बड़े-बुजुर्ग कई बार छोटे बच्चों से प्यार और अपनापन जताते हुए इस तरह की बातें करते हैं। इसलिए वीडियो में कही गई बात को उसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
क्या दतिया में फिर होंगे उपचुनाव? कांग्रेस विधायक घनश्याम सिंह के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर
कांग्रेस पर राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप
संध्या यादव ने कांग्रेस पर उनके बयान को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके बयान को संदर्भ से अलग करके पेश किया जा रहा है और इसका इस्तेमाल विजयवर्गीय के खिलाफ राजनीतिक अभियान चलाने के लिए किया जा रहा है। पार्षद ने महिलाओं को लेकर कांग्रेस नेताओं की ओर से पूर्व में दिए गए बयानों का भी उल्लेख किया और आरोप लगाया कि मौजूदा मामले में भी झूठ और दुष्प्रचार के जरिए राजनीतिक विवाद खड़ा किया जा रहा है।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी जताया खेद
बीजेपी पार्षद पर दिए बयान के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने बयान पर खेद जाहिर करते हुए, कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है, जबकि संध्या यादव उनकी बेटी के समान है। इसीलिये उनके इस बयान पर उनको सामने आकर खेद प्रकट करना पड़ा है।
2022 में भाजपा के टिकट पर जीता था चुनाव
संध्या यादव इंदौर नगर निगम के वार्ड नंबर 6 से भाजपा की पार्षद हैं। उन्होंने जुलाई 2022 में हुए नगर निगम चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की थी। चुनाव में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 4,257 वोटों के अंतर से हराया था। वायरल वीडियो को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच अब संध्या यादव के ताजा बयान से मामले का एक नया पक्ष सामने आया है।
MP News: ये क्या बोल गए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय?… कांग्रेसियों को मिल गया बड़ा मौका!
