भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश भाजपा में लंबे समय से प्रदेश मीडिया प्रभारी की नियुक्ति को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब विराम लग गया है। पार्टी ने ब्रजगोपाल लोया को मध्यप्रदेश भाजपा का नया प्रदेश मीडिया प्रभारी बनाया है। इसके साथ ही इस पद को लेकर चल रही संभावित नामों की चर्चाओं में शामिल मिलन भार्गव का नाम पीछे रह गया है।
आशीष अग्रवाल को मिली दिल्ली में जिम्मेदारी
दरअसल, मध्यप्रदेश भाजपा के तत्कालीन प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रदेश मीडिया प्रभारी का पद खाली था। आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया से जुड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद से ही मध्यप्रदेश में नए प्रदेश मीडिया प्रभारी को लेकर पार्टी के भीतर कई नामों पर चर्चा चल रही थी।
ब्रजगोपाल लोया को मिली जिम्मेदारी
भाजपा ने अब संगठनात्मक स्तर पर फैसला लेते हुए ब्रजगोपाल लोया को प्रदेश मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति के साथ ही प्रदेश भाजपा के मीडिया विभाग को नया नेतृत्व मिल गया है। लोया अब प्रदेश भाजपा की ओर से मीडिया समन्वय, पार्टी की गतिविधियों और संगठन के पक्ष को मीडिया तक पहुंचाने से जुड़े कामों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
Breaking News: बीजेपी के प्रदेश प्रभारियों का ऐलान… एमपी के नए प्रभारी होंगे बिप्लब कुमार देब
मिलन भार्गव का नाम भी था चर्चा में
प्रदेश मीडिया प्रभारी की नियुक्ति को लेकर मिलन भार्गव का नाम भी पार्टी के अंदर चर्चा में था। संगठन के गलियारों में उनके नाम को लेकर संभावनाएं जताई जा रही थीं, लेकिन अंतिम निर्णय में ब्रजगोपाल लोया के नाम पर मुहर लगाई गई। ऐसे में प्रदेश मीडिया प्रभारी बनने की दौड़ में मिलन भार्गव पीछे रह गए।
लंबे समय से खाली था पद
मध्यप्रदेश भाजपा में प्रदेश मीडिया प्रभारी का पद पिछले कुछ समय से खाली चल रहा था। राष्ट्रीय संगठन में आशीष अग्रवाल को जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रदेश भाजपा के मीडिया विभाग के लिए नए चेहरे की तलाश शुरू हुई थी। इस दौरान संगठन स्तर पर कई नामों को लेकर चर्चाएं सामने आईं। अब ब्रजगोपाल लोया की नियुक्ति के बाद इस पद को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।
मीडिया विभाग के सामने होंगी कई अहम जिम्मेदारियां
आने वाले समय में प्रदेश भाजपा के मीडिया विभाग के सामने संगठन की गतिविधियों, सरकार की योजनाओं और पार्टी के राजनीतिक कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से जनता और मीडिया तक पहुंचाने की जिम्मेदारी रहेगी। प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के बीच मीडिया विभाग की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहने वाली है।

