मुंबई। भारत के रियल एस्टेट सेक्टर में एक अनूठी पहल करते हुए डेला रिसॉर्ट्स एंड एडवेंचर ने पुणे के उत्तर हिंजेवाड़ी में एक खास थीम पर आधारित मेगा टाउनशिप के विकास के लिए हीरानंदानी कम्युनिटीज और कृसला डेवलपर्स के साथ साझेदारी की है। इस परियोजना की अनुमानित मूल्य क्षमता ₹1,100 करोड़ बताई जा रही है।
यह टाउनशिप एक विशेष रेसकोर्स और पोलो क्लब थीम पर आधारित होगी, जिसमें निवेशकों को 9% तक रिटर्न देने वाला नई तरह का रियल एस्टेट मॉडल पेश किया जाएगा। यह मॉडल आतिथ्य और अनुभवात्मक जीवनशैली को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।
40 एकड़ में फैली इस टाउनशिप में 8 एकड़ का इंटरनेशनल रेसकोर्स, 128 निजी विला प्लॉट, 112 लग्ज़री रिसॉर्ट निवास, 300 कीज वाला 5-सितारा होटल, विवाह और कॉर्पोरेट कार्यक्रमों के लिए 20 से अधिक स्थल, गोल्फ, एडवेंचर पार्क, हेल्थ सुविधाएं और कई अनुभवात्मक स्थान शामिल होंगे।
डेला रिसॉर्ट्स के चेयरमैन जिमी मिस्त्री ने कहा, “यह सिर्फ एक टाउनशिप नहीं बल्कि भारत में एक नए रियल एस्टेट युग की शुरुआत है। हमारा CDDMO मॉडल रियल एस्टेट को केवल एक निवेश से एक जीवनशैली अनुभव में बदल देता है।”
हीरानंदानी ग्रुप के चेयरमैन डॉ. निरंजन हीरानंदानी ने इसे आधुनिक भारतीयों की जीवनशैली आवश्यकताओं से प्रेरित एक “वन-स्टॉप डेस्टिनेशन” बताया। उन्होंने कहा, “डेला और कृसला के साथ यह सहयोग भारतीय रियल एस्टेट में नए मानक स्थापित करेगा।”
कृसला डेवलपर्स के सीएमडी सागर अग्रवाल ने बताया कि यह सहयोग विशेष रूप से उत्तर हिंजेवाड़ी में प्रीमियम निवेशकों और आधुनिक परिवारों के लिए डिज़ाइन किया गया है, जिसमें रिसॉर्ट्स, विला और एडवेंचर पार्क जैसे अनुभव सम्मिलित हैं। उन्होंने इसे स्मार्ट शहरीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
इस टाउनशिप का पहला चरण आगामी तीन महीनों में शुरू होने की संभावना है। भूमि अधिग्रहण पहले ही पूरा हो चुका है और डिज़ाइन कार्य अंतिम चरण में है। विला और रिसॉर्ट्स के लिए कब्ज़ा 2026 तक मिलना संभावित है।
यह परियोजना सिर्फ पुणे ही नहीं, बल्कि भारत के अन्य शहरों के लिए भी एक नया अनुभवात्मक जीवनशैली मॉडल पेश करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
