अमेठी। जनपद के पीपरपुर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की के अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन और निकाह के दबाव का आरोप दो युवकों पर लगा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़िता के भाई द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, गांव के ही निवासी हैदर अली (पुत्र नियामत अली) ने उसकी नाबालिग बहन को बहला-फुसलाकर अपने प्रेमजाल में फंसाया और 9 जून को हैदराबाद ले गया। बताया गया कि आरोपी ने लड़की को अपने कमरे में बंद करके रखा और उस पर धर्म परिवर्तन कर जबरन निकाह करने का दबाव बनाना शुरू किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट और शारीरिक उत्पीड़न किया।
परिजनों ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से न लेते हुए 28 जून को केवल गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की।
बताया गया कि 10 जुलाई को हैदर अली की गैरमौजूदगी में पीड़िता किसी तरह भागकर टिकावर गांव पहुंची, जहां एक स्थानीय व्यक्ति की मदद से वह अपने घर वापस लौटी। घर पहुंचने के बाद लड़की ने परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद उसके भाई ने दोबारा पुलिस को तहरीर सौंपी।
थानाध्यक्ष रामराज कुशवाहा ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर हैदर अली और उसके साथी अजीत कुमार के विरुद्ध अपहरण, दुष्कर्म, मारपीट और जबरन धर्मांतरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई तेजी से की जा रही है।
