27 नवंबर 2026, भोपाल: मशरूम उत्पादन में पश्चिम बंगाल नंबर-1, MP का योगदान सिर्फ 0.47% - देश में मशरूम उत्पादन के मामले में पश्चिम बंगाल पहले स्थान पर रहा। वर्ष 2024-25 के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कुल 8.52 लाख टन मशरूम का उत्पादन हुआ, जिसमें पश्चिम बंगाल की सबसे बड़ी 27.93 प्रतिशत हिस्सेदारी रही। तमिलनाडु 17.84 प्रतिशत योगदान के साथ दूसरे स्थान पर और महाराष्ट्र 16.90 प्रतिशत के साथ तीसरे नंबर पर रहा।
साथ ही गुजरात 15.84 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ चौथे स्थान पर है, जबकि उत्तर प्रदेश 9.04 प्रतिशत और ओडिशा 8.80 प्रतिशत के योगदान के साथ क्रमशः पांचवें और छठे स्थान पर हैं।
मध्यप्रदेश में मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने की संभावना
मध्यप्रदेश में मशरूम उत्पादन की भागीदारी अभी सिर्फ 0.47 प्रतिशत है, इसका मतलब है कि इस क्षेत्र के विस्तार की अपार संभावनाएं दिखती हैं। कम भूमि और सीमित संसाधनों में मशरूम उत्पादन किसानों के लिए अतिरिक्त आय का बेहतर जरिया बन सकता है।
इसके लिए किसानों को प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन के साथ गुणवत्तापूर्ण स्पॉन (बीज), प्रसंस्करण और विपणन की सुविधाओं को बढ़ावा देने की जरूरत है। इन कोशिशों से प्रदेश में मशरूम उत्पादन को रफ्तार मिल सकती है।









