खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और अभियोजन की हरी झंडी दे दी है. जांच में कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर यानी बोतलबंद पानी का नमूना असुरक्षित निकला था. रविवार को सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी साझा की गई. बताया गया कि मिनरल वाटर से अलग यह पैकेज्ड पानी का सैंपल बिसलेरी के परिसर से ही जांच के लिए उठाया गया था.
नियामक के अनुसार, शुरुआती जांच में पानी ब्रोमेट के तय मानकों पर खरा नहीं उतरा और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत इसे असुरक्षित माना गया. बिसलेरी की अपील पर सैंपल को दूसरी लैब में दोबारा परखा गया, लेकिन वहां भी पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन यानी पीएएच मिलने के कारण इसे असुरक्षित करार दिया गया. एफएसएसएआई का कहना है कि रिपोर्ट से असुरक्षित खाद्य पदार्थ से जुड़े नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई, जिसके चलते बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड पर अभियोजन चलाने का फैसला लिया गया.
सोशल मीडिया पोस्ट में एफएसएसएआई ने यह भी बताया कि वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मिमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी समेत कुछ अन्य फर्मों के खिलाफ भी अभियोजन की मंजूरी दी गई है.
इसके अलावा, नियमों की अनदेखी पर उर्मी लाइफसाइंसेज एलएलपी और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं. वहीं, आशा कन्फेक्शनरी को अपनी प्री-पैक चॉकलेट फिल्ड कुकीज बाजार से वापस मंगाने का निर्देश दिया गया है, क्योंकि जांच में वे असुरक्षित पाई गई थीं. इस साल एफएसएसएआई ने खाद्य कंपनियों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर सख्ती और प्रवर्तन कार्रवाई काफी बढ़ा दी है.









