सोने और चांदी में जारी तेज गिरावट का दौर इस हफ्ते भी थमता नहीं दिख रहा है. भाव एक साल से ज्यादा के निचले स्तर पर पहुंच चुके हैं और अब सबकी निगाहें अमेरिका के आर्थिक आंकड़ों तथा फेडरल रिजर्व के रुख पर हैं. ब्याज दरों की आगे की दिशा इन्हीं आंकड़ों से साफ होगी.
बाजार के विशेषज्ञों के अनुसार, इस हफ्ते निवेशक कई अहम वैश्विक आंकड़ों पर बारीकी से नजर रखेंगे. इनमें प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर के शुरुआती PMI आंकड़े शामिल हैं. इसके साथ ही अमेरिका की GDP वृद्धि, हाउसिंग सेक्टर और ड्यूरेबल गुड्स के ऑर्डर से जुड़े आंकड़े भी सामने आने वाले हैं. फेडरल रिजर्व की नीति को समझने के लिए अमेरिकी महंगाई के आंकड़े सबसे अहम माने जा रहे हैं.
जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के प्रणव मेर का मानना है कि फिलहाल दोनों कीमती धातुओं का रुख कमजोर बना हुआ है. निवेशक आर्थिक आंकड़ों और ब्याज दरों के संकेतों का इंतजार कर रहे हैं, जिससे कीमतों में और नरमी आ सकती है.
घरेलू वायदा बाजार यानी MCX पर बीते हफ्ते सोने-चांदी में भारी बिकवाली दिखी. दिसंबर वायदा सोना 14,927 रुपये यानी करीब 11 फीसदी टूटकर 1,21,778 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ, जो एक साल से अधिक का निचला स्तर है. इससे पहले 30 अक्टूबर 2025 को यह करीब 1,21,508 रुपये पर देखा गया था. वहीं दिसंबर चांदी 28,496 रुपये यानी 16.2 फीसदी फिसलकर एक साल के निचले स्तर पर पहुंच गई, जबकि 3 नवंबर 2025 को यह 1,47,758 रुपये प्रति किलो के स्तर पर थी.
एलकेपी सिक्योरिटीज के जतीन त्रिवेदी के मुताबिक, घरेलू और विदेशी दोनों बाजारों में निवेशकों की मुनाफावसूली ने कीमतों पर दबाव बढ़ाया है. साथ ही रुपये के मजबूत होने से आयात सस्ता हुआ, जिससे घरेलू स्तर पर भी सोना घटा.
विदेशी बाजार Comex पर भी सोने-चांदी की चमक कमजोर पड़ी. बीते हफ्ते सोना 370.9 डॉलर यानी 9.5 फीसदी गिरकर 3,515.4 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. उधर चांदी 8.05 डॉलर यानी 16.4 फीसदी लुढ़ककर 41.07 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई.









