बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक्शन का जबरदस्त तड़का लगाने पहुंच गए हैं. उनकी नई फिल्म 'गनमास्टर G9' आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी इस एक्शन थ्रिलर में इमरान के साथ जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. फिल्म में एक्शन, रोमांस और म्यूजिक का दिलचस्प कॉम्बिनेशन देखने को मिलता है. खास बात यह है कि सिनेमाघरों में दस्तक देते ही फिल्म को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दर्शकों और फिल्म समीक्षकों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं.
शुरुआती रिव्यू में फिल्म के एक्शन सीक्वेंस, कहानी, क्लाइमैक्स और कलाकारों के अभिनय की जमकर तारीफ हो रही है. कुछ दर्शकों ने तो इसे उम्मीद से कहीं बेहतर बताते हुए जरूर देखने लायक फिल्म करार दिया है.
फिल्म क्रिटिक ने बताया ब्लॉकबस्टर
फिल्म समीक्षक सुभाष के झा ने 'गनमास्टर G9' देखने के बाद इसे ब्लॉकबस्टर बताया है. उन्होंने फिल्म के जबरदस्त एक्शन और कहानी में आने वाले अप्रत्याशित मोड़ों की तारीफ की. उनके मुताबिक, फिल्म में एक्शन और सरप्राइज का ऐसा मेल है, जो दर्शकों को लगातार बांधे रखता है.
सुभाष के झा ने इमरान हाशमी की तारीफ करते हुए उन्हें इस साल की दूसरी बड़ी जीत हासिल करने वाला अभिनेता भी बताया. उनका यह रिव्यू सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है.
कहानी, क्लाइमैक्स और गानों पर फिदा हुए दर्शक
X पर फिल्म देखने पहुंचे कई लोगों ने भी अपने अनुभव साझा किए हैं. एक दर्शक ने फिल्म को 5 में से 4 स्टार दिए. उसने बताया कि फिल्म से उसे शुरुआत में ज्यादा उम्मीदें नहीं थीं, लेकिन कहानी आगे बढ़ने के साथ उसका नजरिया बदल गया. खास तौर पर फिल्म का क्लाइमैक्स और म्यूजिक उसे काफी पसंद आया.
एक अन्य यूजर ने इमरान हाशमी के एक्शन और अपारशक्ति खुराना की एक्टिंग की तारीफ की. वहीं जेनेलिया देशमुख के अभिनय को भी उनके अब तक के अलग अंदाज में से एक बताया. दर्शकों ने निर्देशक आदित्य दत्त के एक्शन सीक्वेंस की भी सराहना की है.
क्या है 'गनमास्टर G9' की कहानी?
फिल्म में इमरान हाशमी ईश्वर नाम के एक डेयरी किसान का किरदार निभा रहे हैं. उसकी जिंदगी तब पूरी तरह बदल जाती है, जब एक खतरनाक गैंग उसके परिवार और करीबियों को निशाना बनाने लगता है. अपनों की जान बचाने के लिए ईश्वर को अपने अतीत के उस हिंसक रूप का सामना करना पड़ता है, जिसे वह काफी पहले पीछे छोड़ चुका था. इसके बाद शुरू होती है एक खतरनाक लड़ाई, जिसमें परिवार की सुरक्षा ही उसका सबसे बड़ा मकसद बन जाती है.
फिल्म में जेनेलिया देशमुख आरती के किरदार में हैं, जबकि अपारशक्ति खुराना देसू की भूमिका निभा रहे हैं. इनके अलावा अभिषेक सिंह, इनायत वर्मा और स्नेहिल दीक्षित मेहरा भी अहम किरदारों में दिखाई देते हैं.
आदित्य दत्त ने फिल्म का निर्देशन किया है, जबकि इसका संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है. शुरुआती प्रतिक्रियाओं को देखते हुए 'गनमास्टर G9' ने रिलीज के पहले दिन ही दर्शकों के बीच चर्चा बटोरनी शुरू कर दी है.









