Former CM Passes Away: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता सेवानिवृत्त मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया है। उन्होंने 91 वर्ष की आयु में एक निजी अस्पताल में अपनी अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही देश के राजनीतिक गलियारों सहित सैन्य जगत में भी शोक की लहर फैल गई है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिवंगत नेता को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
सीएम मोहन ने व्यक्त की संवेदना
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक बेहद भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। सीएम मोहन यादव ने लिखा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। बाबा केदारनाथ से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!
अस्पताल में ली अंतिम सांस
वरिष्ठ नेता भुवन चंद्र खंडूरी के निधन की आधिकारिक पुष्टि उनकी सुपुत्री और उत्तराखंड विधानसभा की वर्तमान अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण ने की है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, वयोवृद्ध नेता पिछले कुछ दिनों से बढ़ती उम्र की बीमारियों के चलते अस्पताल में उपचाराधीन थे। आज सुबह करीब 11 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। पूर्व मुख्यमंत्री खंडूरी अपने पीछे अपनी धर्मपत्नी अरुणा खंडूरी, पुत्र मनीष और पुत्री रितु खंडूरी भूषण सहित लाखों समर्थकों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए हैं।
सैन्य अफसर से सीएम तक का सफर
आपको बता दें कि भुवन चंद्र खंडूरी भारतीय सेना में मेजर जनरल के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा था। साफ-सुथरी छवि और अनुशासन के लिए पहचाने जाने वाले खंडूरी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में राज्य के विकास में योगदान दिया।
