नई दिल्ली/खबर डिजिटल/ भारत में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर राजनीतिक सामग्री की पहुंच और लोगों की प्रतिक्रिया में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्रियों और विपक्षी दलों के प्रमुख नेताओं की पोस्ट पर लाइक, कमेंट और शेयर जैसी गतिविधियों में कमी आई है। हालांकि, दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़ने वाले यूजर्स की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह बदलाव ऐसे समय में सामने आया है, जब इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी मेटा ने भारतीय यूजर्स के लिए अपने कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम में बदलाव किए हैं। कंपनी अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से अश्लील और हिंसक सामग्री की पहचान कर रही है। इसके साथ ही ऐसी सामग्री को यूजर्स तक पहुंचाने की प्रक्रिया सीमित की जा रही है।
मेटा का दावा- यूजर्स की शिकायतों में आई कमी
मेटा का दावा है कि कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम में बदलाव के बाद भारत में यूजर्स की शिकायतों की संख्या पिछले साल के मुकाबले करीब आधी रह गई है। कंपनी का कहना है कि AI आधारित तकनीक के जरिए आपत्तिजनक सामग्री की पहचान कर उसे लोगों के सामने सुझाए जाने से रोका जा रहा है। हालांकि, कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि इन बदलावों का राजनीतिक और समाचार से जुड़ी पोस्ट पर कितना असर पड़ा है। इसके अलावा राजनीतिक दलों के फॉलोअर्स में हुई बढ़ोतरी, पोस्ट की पहुंच में आई कमी और प्रभावित अकाउंट्स की संख्या से संबंधित आंकड़े भी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
नेताओं की पोस्ट पर एंगेजमेंट घटने की क्या वजह?
सोशल मीडिया पर किसी पोस्ट की लोकप्रियता केवल उसके फॉलोअर्स पर निर्भर नहीं करती, बल्कि इंस्टाग्राम का एल्गोरिद्म भी यह तय करता है कि वह पोस्ट कितने लोगों तक पहुंचेगी। जब किसी नेता की पोस्ट मौजूदा फॉलोअर्स तक ही सीमित रह जाती है और उसे दूसरे यूजर्स के सामने रिकमेंड नहीं किया जाता, तो उसके व्यूज, लाइक, कमेंट और शेयर में गिरावट आ सकती है। इसी तरह यदि एल्गोरिद्म राजनीतिक सामग्री को यूजर्स के फीड और सुझावों में कम दिखाता है, तो नेताओं की पोस्ट की ऑर्गेनिक पहुंच प्रभावित हो सकती है।
BJP और कांग्रेस के आधिकारिक खातों को फायदा?
इस बदलाव का एक दिलचस्प पहलू यह है कि जहां व्यक्तिगत नेताओं के अकाउंट पर लोगों की सक्रियता कम होने की बात सामने आई है, वहीं भाजपा और कांग्रेस के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़ने वाले लोगों की संख्या बढ़ी है। इसके पीछे एक संभावित वजह यह मानी जा रही है कि जब यूजर्स को एल्गोरिद्म के जरिए राजनीतिक अपडेट कम मिलने लगते हैं, तो वे सीधे राजनीतिक दलों के आधिकारिक अकाउंट को फॉलो करना पसंद करते हैं। हालांकि, मेटा ने अभी तक इस बदलाव और राजनीतिक दलों के बढ़ते फॉलोअर्स के बीच सीधे संबंध की पुष्टि नहीं की है।









