आलीराजपुर/संजय वाणी/ खबर डिजिटल/ महिला सुरक्षा शाखा, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पूरे मध्यप्रदेश में “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान 1 से 30 नवंबर 2025 तक संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला अलीराजपुर पुलिस द्वारा शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद स्कूल, अलीराजपुर में एक विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य गुमशुदा एवं अदमपता नाबालिग बालिकाओं का पता लगाना, बच्चों में सुरक्षा एवं जागरूकता की भावना विकसित करना, तथा महिलाओं के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता को प्रोत्साहित करना है।
एसपी रघुवंश सिंह रहे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि — “अलीराजपुर की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। वे खेल, संगीत, शिक्षा या कला के क्षेत्र में भी जिले का नाम रोशन कर सकती हैं। आवश्यकता केवल आत्मविश्वास, अनुशासन और जागरूकता की है।” उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, पॉक्सो एक्ट, डिजिटल फ्रॉड, और महिला हेल्प डेस्क (7701042100) सहित आपातकालीन हेल्पलाइन 112 की जानकारी दी। साथ ही बच्चों को यह भी समझाया कि नाबालिग से विवाह या अपहरण जैसे अपराधों के गंभीर परिणाम होते हैं।
ASP प्रदीप पटेल रहे मौजूद
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल ने उदाहरणों के माध्यम से छात्रों को समझाया कि सोशल मीडिया के गलत उपयोग से जीवन कैसे प्रभावित हो सकता है। उन्होंने कहा — “सोशल मीडिया का उपयोग केवल जानकारी और शिक्षा के लिए करें। किसी अपरिचित व्यक्ति से निजी जानकारी साझा न करें।”
थाना प्रभारी सोनू सिटोले ने किया प्रेरित
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सोनू सिटोले ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी करियर के अवसर हैं। उन्होंने “गुड टच” और “बैड टच” के बीच का अंतर समझाते हुए बच्चों को बताया कि ऐसी किसी भी स्थिति में डरने के बजाय तुरंत अपने शिक्षक, अभिभावक या पुलिस को सूचना दें।
कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारीगण, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। बच्चों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।


