सीहोर/भेरूंदा/ कन्हैया नाथ/ खबर डिजिटल/ प्रदेश के सीहोर जिले के भेरुंदा ब्लॉक स्थित लांचौर गांव में एक किसान ने अपनी गाय को ऐसा सम्मान दिया कि पूरा गांव भावुक हो उठा। किसान श्यामलाल मीणा ने अपनी 20 साल पुरानी गाय ‘राधा’ के निधन पर उसे परिवार के सदस्य की तरह अंतिम विदाई दी।
बैलगाड़ी में निकली अंतिम यात्रा, गूंजे ढोल-नगाड़े
गाय की मौत के बाद श्यामलाल ने बैलगाड़ी में उसकी अंतिम यात्रा निकाली। इस दौरान ढोल-नगाड़े बजाए गए और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गाय का अंतिम संस्कार किया गया। यह दृश्य देखकर गांव के लोग किसान की संवेदनशीलता और गौसेवा भावना की सराहना करते नजर आए।
राधा को मानते थे परिवार का सदस्य
श्यामलाल मीणा ने बताया कि राधा पिछले दो दशकों से उनके परिवार का हिस्सा थी। परिवार के सदस्य रोज उसके पैर छूकर आशीर्वाद लेते थे। बूढ़ी होने के कारण उसका निधन हो गया, लेकिन अंतिम समय तक उसकी सेवा में कोई कमी नहीं रखी गई।
गाय के आने के बाद बदली आर्थिक स्थिति
किसान का कहना है कि राधा के घर आने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ। पहले वे झोपड़ी में रहते थे, लेकिन अब उनका पक्का मकान बन चुका है। श्यामलाल इसे राधा का आशीर्वाद मानते हैं।


