सागर/ हर्षित पांडेय/ खबर डिजिटल/ भारतीय जनता पार्टी ने लाजपतपुरा वार्ड से भाजपा पार्षद नईम खान को पार्टी से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है।यह कार्रवाई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी द्वारा की गई है। पार्टी की तरफ से जारी पत्र में पार्षद को निष्कासित करने की वजह बताई गई है।
क्यों किया निष्कासित ?
पार्टी ने जारी निष्कासन पत्र में बताया है कि पार्षद नईम खान पर महिला प्रताड़ना संबंधी प्रकरण दर्ज किया गया है,जिससे पार्टी की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। इसे गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में मानते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था,लेकिन निर्धारित समयावधि में नईम खान ने न तो लिखित और न ही मौखिक रूप से कोई स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया।निष्कासन पत्र में कहा गया है कि उनके इस व्यवहार को घोर अनुशासनहीनता माना गया है,जिसके चलते पार्टी ने उन्हें छह वर्षों के लिए निष्कासित करने का निर्णय लिया है।
महिला प्रताड़ना का केस दर्ज
गौरतलब है कि 65 वर्षीय नईम खान पर 25 वर्षीय महिला रिहाना ने पहले मारपीट और निकाह के लिए दबाव डालने की शिकायत दर्ज कराई थी।बाद में दोनों ने विवाह कर लिया,जिसके बाद महिला ने शिकायत वापस ले ली थी।हालांकि कुछ समय बाद उसने फिर से थाने में मारपीट और घर से निकालने की शिकायत दर्ज कराई थी।इसी प्रकरण को लेकर पार्टी ने पार्षद नईम खान से स्पष्टीकरण मांगा था,लेकिन उत्तर नहीं देने पर अब उन्हें संगठन से निष्कासित कर दिया गया है।


