भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 24 दिसंबर 2025, बुधवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे राजधानी भोपाल, भिण्ड जिला और ग्वालियर में महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रशासनिक के साथ-साथ वैचारिक और सामाजिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने प्रवास की शुरुआत भोपाल से करेंगे। वे दोपहर 12:00 बजे भोपाल स्थित कोर्टयार्ड मेरियट होटल में आयोजित डी.डी. एमपी न्यूज़ कॉन्क्लेव का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस कॉन्क्लेव में मीडिया की भूमिका, सुशासन, विकास और समसामयिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री का संबोधन मीडिया प्रतिनिधियों और आम जनता के लिए विशेष महत्व रखेगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 02:20 बजे भोपाल से ग्वालियर के लिए रवाना होंगे। ग्वालियर पहुंचने के पश्चात वे भिण्ड जिले के लहार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टोला (रावतपुरा सरकार) पहुंचेंगे। यहां वे दोपहर 3:30 बजे भारत के महान शिक्षाविद्, समाज सुधारक और स्वतंत्रता सेनानी महामना पं. मदनमोहन मालवीय जी के जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मालवीय जी के राष्ट्र निर्माण, शिक्षा और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में दिए गए योगदान को स्मरण करेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सायं 04:30 बजे ग्राम टोला से ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगे। ग्वालियर में उनके कुछ स्थानीय कार्यक्रम प्रस्तावित हैं तथा वहीं रात्रि विश्राम करेंगे।


