टीकमगढ़/सुबोध पाठक/खबर डिजिटल/ लिधौरा नगर क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां अज्ञात कारणों के चलते एक दंपति ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में चिंतामन कुशवाहा 24 वर्ष एवं उनकी पत्नी मीरा 23 वर्ष शामिल हैं। दोनों की मौत के बाद उनका तीन वर्षीय मासूम बच्चा अनाथ हो गया है।
पति की मौत पर पत्नी ने भी की आत्महत्या
जानकारी के अनुसार चिंतामन कुशवाहा, निवासी दुदेरा खिरक ने अपने घर में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। वहीं पति की मौत की सूचना मिलते ही उसकी पत्नी मीरा ने खेत पर बने बड़े कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। दोनों की मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक के पिता ने दी जानकारी
मृतक के पिता जालम कुशवाहा ने बताया कि चिंतामन चाट की दुकान लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। दोपहर जब वो घर पहुंचे तो बेटे का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला। इसी दौरान घटना की जानकारी मिलने पर उसकी पत्नी मीरा ने भी यह खौफनाक कदम उठा लिया।मृतका के मायके पक्ष ने मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि मीरा को उसके जेठ नारायण कुशवाहा और जेठानी द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था। मायके वालों के अनुसार संतान के जन्म के बाद से संपत्ति के बंटवारे को लेकर आए दिन विवाद होता था। मृतका की मां और भाई ने यह भी आरोप लगाया कि मीरा हाल ही में बरुआसागर उत्तर प्रदेश जहां उनका मायका था वहा से लौटी थी, जहां उसने प्रताड़ना की बात बताई थी।
घटना को लेकर जताई शंका
परिजनों ने संदेह जताया कि घटना संदिग्ध है, क्योंकि मीरा के शरीर पर साड़ी नहीं थी और उसके हाथों की चूड़ियां टूटी हुई थीं। इन परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं लिधौरा थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जतारा भेज दिया गया है। पुलिस परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।


