डिजिटल खबर. अंकित झारिया. उमरियापान:- अवैध मादक पदार्थ के कारोबार पर नकेल कसते हुए ढीमरखेड़ा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से दो किलोग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने जानकारी देते हुए बताया कि कटरा निवासी ध्रुप सिंह पिता देव सिंह गौंड (30) और मुकेश पिता वीरेंद्र सिंह गौंड (30) बेलकुंड नदी घाट के ऊपर सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में खड़े थे। शक होने पर पुलिस ने दोनों को पकड़कर तलाशी ली, जिसमें प्लास्टिक की पन्नी में दो किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बजाज मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 एमएस 8133 को भी जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।कार्रवाई में निरीक्षक अभिषेक चौबे, सउनि जयचंद उईके, आरक्षक पंकज सिंह, अजय सिंह, देवेंद्र अहिरवार, रंजीत सिंह और डुमनदास का विशेष योगदान रहा।


