उमरिया/ केजी पांडेय/खबर डिजिटल/ दीपावली से पहले उमरिया में जिला खाद्य अधिकारी मंजू वर्मा की बड़ी कार्रवाई की। शहर की कई मिठाई दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। दुकानों से मिठाई के सैंपल लिए गए, और जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। त्यौहार के मौके पर मिलावटखोरों पर सख्ती से कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इस कार्रवाई से मिठाई व्यापारियों में हड़कंप मच गया, जबकि उपभोक्ताओं ने विभाग की सख्ती का स्वागत किया ।
खाद्य सामग्री के उचित भंडारण पर जोर
दीपावली त्यौहार को देखते हुए उमरिया जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई की दुकानों सहित रेस्टोरेंट पर विशेष निगरानी अभियान चलाया है। जिला खाद्य अधिकारी मंजू वर्मा के साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर बीएस चंदेल ने शनिवार को शहर के विभिन्न इलाकों में संचालित मिठाई की दुकानों सहित रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकानों में रखी मिठाइयों की स्वच्छता, निर्माण सामग्री और भंडारण की स्थिति की बारीकी से जांच की।इस दौरान कई दुकानों से मिठाई के सैंपल लेकर उन्हें खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है, जहां से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।
मिलावटी मिठाइयों की बिक्री पर रोक की तैयारी
खाद्य अधिकारी मंजू वर्मा ने बताया कि दीपावली के दौरान मिलावटी मिठाइयों की बिक्री को रोकने के लिए विभाग की टीम लगातार सक्रिय है। उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की मिलावट या अस्वच्छ सामग्री पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि उमरिया जिला मुख्यालय अंतर्गत संचालित जायका रेस्टोरेंट की भी शिकायत मिली थी जिसके बाद जायका रेस्टोरेंट में भी चेकिंग की गई, जहां पर गड़बडिया मिली है। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से शहर के मिठाई व्यापारियों सहित रेस्टोरेंट में हड़कंप मच गया है। कई दुकानदारों ने तुरंत अपनी दुकानों की सफाई कर मिठाइयों को ढककर रखना शुरू कर दिया। वहीं, उपभोक्ताओं ने विभाग की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे निरीक्षणों से त्योहार के समय मिलावटी मिठाईयों से बचाव संभव है।
जिला प्रशासन ने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मिठाई खरीदते समय ब्रांडेड और प्रमाणित दुकानों से ही खरीदारी करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत खाद्य विभाग को दें।


