देवास/पवन उपाध्याय/खबर डिजिटल/ जिले की सतवास तहसील के ग्राम बाईजगवाड़ा में शराब दुकानों पर खुलेआम मनमानी हो रही है। ग्राहकों से एमआरपी से ज्यादा पैसे वसूले जा रहे हैं—75 रुपये की शराब 90 रुपये में बेची जा रही है, और दुकानों पर रेट लिस्ट तक नहीं लगाई गई है। जिसके चलते शराब ठेकेदार की मंशा पर साफ सवाल खड़ा होता है कि किस तरह से नियम की अनदेखी की जा रही है।
गांव के बीचोंबीच अवैध शराब दुकान
इतना ही नहीं, गांव के बीचोंबीच एक अवैध शराब दुकान भी चल रही है, जहां भी तय मूल्य से अधिक वसूली की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यह न केवल गैरकानूनी है, बल्कि समाज और युवाओं पर भी गलत असर डाल रहा है। लोगों ने इसकी शिकायत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों से की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
आबकारी अधिकारी ने क्या कहा
जब इस बारे में देवास आबकारी अधिकारी मंदाकिनी दीक्षित से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वे जानकारी लेकर बताएंगी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रेट लिस्ट अनिवार्य की जाए, एमआरपी से अधिक वसूली रोकी जाए और अवैध दुकान को तुरंत बंद कराया जाए।


