सतना/ रीवा रोड पर शनिवार देर शाम एक मामूली सड़क दुर्घटना देखते ही देखते जानलेवा हमले में बदल गई। बाइक सवार बदमाशों ने ऑटो चालक पर गोली चला दी, लेकिन पेंट की जेब में रखा मोबाइल फोन उसके लिए बुलेटप्रूफ जैकेट साबित हुआ और उसकी जान बच गई।
टक्कर से शुरू हुआ विवाद
घटना शाम करीब 6 बजे की है। पुरैनिया कृपालपुर निवासी ऑटो चालक विद्यासागर उर्फ कल्लू (24) अपने परिचित मनीष रजक के साथ बस स्टैंड से गांव लौट रहा था। रीवा रोड स्थित महिंद्रा एजेंसी के पास ऑटो की टक्कर एक सफेद बाइक से हो गई, जिस पर तीन युवक सवार थे। टक्कर के बाद बाइक सवारों ने गाली-गलौज की और भीड़ जुटने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से चले गए।
चाय पीते वक्त किया हमला
कुछ देर बाद विद्यासागर गहरा नाला के पास एक टपरे पर चाय पी रहा था। तभी वही बाइक दोबारा लौटी, इस बार चार युवक सवार थे। एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर सीधे विद्यासागर पर फायर कर दिया। गोली उसकी दाहिनी जांघ की ओर गई, लेकिन जेब में रखे मोबाइल से टकराकर उसकी रफ्तार कम हो गई और वह जांघ को छूते हुए निकल गई। मोबाइल की स्क्रीन टूट गई, लेकिन बड़ा हादसा टल गया।
हवाई फायरिंग कर फरार
गोली चलाने के बाद आरोपियों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए 2–3 राउंड हवाई फायर किए और कृपालपुर की ओर भाग निकले। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
रात में ही चार आरोपी गिरफ्तार
सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ऑटो चालक के बयान के आधार पर मुख्य आरोपी कनिष्क सिंह समेत चारों आरोपियों को रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से पिस्टल और बाइक जब्त की गई है। आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच जारी है।


