मंदसौर/ खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में आयोजित सोयाबीन भावांतर राशि भुगतान कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रदेश के 1 लाख 17 हजार किसानों के बैंक खातों में 200 करोड़ रुपये की भावांतर राशि अंतरित करेंगे। यह भुगतान योजना की चौथी किस्त के रूप में किया जाएगा।
सोयाबीन विक्रय करने वाले किसानों को मिलेगा लाभ
यह भावांतर राशि उन किसानों को दी जाएगी, जिन्होंने 20 दिसंबर 2025 से योजना की समाप्ति तिथि तक सोयाबीन का विक्रय किया है। सरकार द्वारा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से यह योजना संचालित की जा रही है।
प्रदेश में अब तक कुल 7 लाख 10 हजार किसानों को 1492 करोड़ रुपये की भावांतर राशि का भुगतान किया जा चुका है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और उन्हें खेती के लिए प्रोत्साहन मिला है।
69.50 करोड़ के विकास कार्यों की देंगे सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस दौरान मल्हारगढ़ क्षेत्र में 69.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी करेंगे। इनमें 51.91 करोड़ की लागत से मल्हारगढ़ स्थित 4-लेन फ्लाईओवर, 5.53 करोड़ से पिपलिया मंडी रेलवे अंडरब्रिज तथा 2.06 करोड़ की लागत से रेलवे स्टेशन रोड पर पुल निर्माण शामिल है।
इन परियोजनाओं से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आमजन को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।


