मध्य प्रदेश के रेल यात्रियों के लिए जल्द ही बड़ी राहत और खुशी की खबर आ सकती है. राज्य में रेल नेटवर्क को और मजबूत बनाने के लिए करीब पांच नई वंदे भारत ट्रेनों को शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है.
यहां मिलेगी नई वंदे भारत ट्रेन
जानकारी के अनुसार जबलपुर, भोपाल और इंदौर से इन ट्रेनों का संचालन प्रस्तावित है. रेलवे ने अधिकांश तैयारियां पूरी कर ली हैं और अब सिर्फ अंतिम मंजूरी का इंतजार है. अगर सब कुछ योजना के अनुसार हुआ, तो प्रदेश में वंदे भारत ट्रेनों की संख्या बढ़कर दस तक पहुंच सकती है, जिससे व्यापार और पर्यटन दोनों को फायदा मिलने की उम्मीद है.
भोपाल से दो ट्रेनों का काम तेज
भोपाल से भी दो नई ट्रेनों को लेकर काम तेजी से चल रहा है. पहली ट्रेन भोपाल से लखनऊ के बीच चलाई जाएगी. इस ट्रेन में करीब 20 कोच होंगे और इसमें चेयरकार के साथ एग्जीक्यूटिव क्लास की सुविधा मिलेगी. इसकी संभावित रफ्तार 180 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है, जिससे भोपाल से लखनऊ का सफर केवल 7 से 8 घंटे में पूरा किया जा सकेगा. अधिकारियों के मुताबिक इस रूट के लिए ट्रेन का रैक पहले ही भोपाल मंडल को दिया जा चुका है.
अमृत भारत ट्रेन शुरू करने की योजना
दूसरी ओर भोपाल से पटना के बीच अमृत भारत ट्रेन शुरू करने की योजना भी लगभग तैयार है. यह एक स्लीपर ट्रेन होगी, जिसमें फर्स्ट एसी, सेकेंड एसी और थर्ड एसी जैसी सुविधाएं मिलेंगी. इससे लंबी दूरी के यात्रियों को ज्यादा आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा.
तीन और नई वंदे भारत ट्रेनों को लेकर चर्चा
इसके अलावा राज्य में तीन और नई वंदे भारत ट्रेनों को लेकर चर्चा तेज है. उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए इंदौर, भोपाल और जबलपुर के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने की तैयारी की जा रही है. वहीं जबलपुर से गोंदिया होते हुए चांदा फोर्ट तक भी एक नई ट्रेन प्रस्तावित है. भोपाल से ओरछा के बीच भी वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की योजना बनाई जा रही है.
पांच वंदे भारत ट्रेनें पहले से है शुरू
फिलहाल मध्य प्रदेश में पांच वंदे भारत ट्रेनें पहले से चल रही हैं, जिनमें रानी कमलापति से हजरत निजामुद्दीन, इंदौर से नागपुर, भोपाल से रीवा, खजुराहो से बनारस और खजुराहो से हजरत निजामुद्दीन रूट शामिल हैं. आने वाले समय में अगर नई ट्रेनों को मंजूरी मिलती है, तो यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी के साथ तेज और आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा.


