तीन महीने से अधूरा काम, शिकायतों पर भी नहीं जागा जिम्मेदार विभाग
सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी/तेवरी जिले के बहोरीबंद जनपद की ग्राम पंचायत तेवरी में नल-जल योजना अब विकास नहीं, बल्कि लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। योजना के तहत गांव में पाइपलाइन डालने के लिए करीब तीन महीने पहले सड़कों की खुदाई तो कर दी गई, लेकिन उसके बाद काम अधूरा छोड़ दिया गया।हालात ये हैं कि वार्ड 1 से 18 तक सड़कें पूरी तरह उखड़ चुकी हैं। नालियों के चेंबर टूट गए हैं और पानी की निकासी बंद हो चुकी है। गांव में गंदा पानी जमा होने लगा है, जिससे लोगों का जीना दूभर हो गया है।ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार पीएचई विभाग को फोन और मौखिक शिकायत दी गई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं। किसी ने मौके पर पहुंचकर हालात देखने तक की जहमत नहीं उठाई।अब बारिश का मौसम सिर पर है, और गांव में जलभराव का खतरा मंडरा रहा है। अगर समय रहते काम पूरा नहीं हुआ, तो हालात और भी बदतर हो सकते हैं।ग्राम पंचायत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बहोरीबंद को लिखित शिकायत भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन कब जागता है या ग्रामीण यूं ही बदहाल सड़कों और गंदगी के बीच जीने को मजबूर रहेंगे।


