सीधी। बृजेश पाण्डेय/ खबर डिजिटल/ शहर के समीप ग्राम तेंदुआ में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रहे बलकर ने सड़क किनारे खड़ी बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे नेशनल हाईवे-39 पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया और आवागमन कई घंटों तक प्रभावित रहा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 2:30 बजे बलकर क्रमांक MP19 ZP 7762 तेज गति से सीधी की ओर आ रहा था। इसी दौरान उसने सड़क किनारे खड़ी बस क्रमांक MP19 P 7090 (पुरुस्वानी) को जोरदार टक्कर मार दी। बताया गया है कि यह बस पिछले मंगलवार से खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी। व्यस्त मार्ग होने के बावजूद बस को हटाने की व्यवस्था नहीं की जा सकी और वह दो दिन से वहीं खड़ी रही।
गुरुवार तड़के तेज रफ्तार से आ रहे बलकर चालक को अंधेरे के कारण सड़क किनारे खड़ी बस दिखाई नहीं दी और उसने सीधे बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। बस और बलकर के क्षतिग्रस्त होने से हाईवे का एक हिस्सा पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे नेशनल हाईवे-39 के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी गई। कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने की कोशिश की गई, ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारु किया जा सके।
करीब कुछ घंटों की मशक्कत के बाद हाईवे से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका। इस दौरान हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि खराब बस को समय रहते सड़क किनारे से हटवा दिया जाता तो शायद यह हादसा टल सकता था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


