सिवनी/संतोष बंदेवार/खबर डिजिटल/ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। जबलपुर रोड स्थित जेन वेयरहाउस में जांच के दौरान धान से भरे बोरों में बड़ी मात्रा में पत्थर पाए गए। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि अमानक स्तर का धान नियमों के विपरीत वेयरहाउस में जमा कराया जा रहा था। मामले की पुष्टि के बाद मौके पर ही पंचनामा तैयार कर कार्रवाई की गई।
धान उपार्जन का कार्य जारी
जानकारी के अनुसार जिले के विभिन्न खरीदी केंद्रों पर धान उपार्जन का कार्य जारी है। इसी क्रम में गुर्रापठा खरीदी केंद्र के माध्यम से खरीदा गया धान जेन वेयरहाउस में भंडारित किया जा रहा था। जांच के दौरान कई बोरों में धान के साथ पत्थर भरे हुए पाए गए, जिससे वजन बढ़ाकर अधिक लाभ लेने की मंशा सामने आई है।
87 क्विंटल अमानक धान बरामद
बताया गया कि यह धान वूमेंस पावर स्व-सहायता समूह, भोमा को आवंटित गुर्रापठा खरीदी केंद्र से खरीदा गया था। जांच में करीब 87 क्विंटल अमानक धान मिलने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों का मानना है कि यह पूरा मामला सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया।
जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की जांच जारी
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार नितिन चौधरी, नायब तहसीलदार राधिका पाठक, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी दलप्रताप पैगास सहित प्रतीक तिवारी और रविंद्र मुकासी मौजूद रहे। फिलहाल संबंधित स्व-सहायता समूह, खरीदी केंद्र और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। प्रशासन ने दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।


