टीकमगढ़/संवाददाता/खबर डिजिटल/ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष के अवसर पर पूरे देशभर में कार्यक्रमों की एक बड़ी श्रृंखला आयोजित कर रहा है। इसी क्रम में दिसंबर माह में बृहद गृह संपर्क अभियान, जनवरी में हिंदू सम्मेलन तथा 11 जनवरी को प्रत्येक जिले में युवा सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।
जिला स्तरीय युवा सम्मेलन का आयोजन
टीकमगढ़ जिले में भी आगामी 11 जनवरी को जिला स्तरीय युवा सम्मेलन का आयोजन कुंडेश्वर रोड स्थित उत्कृष्ट महाविद्यालय परिसर में किया जाएगा। सम्मेलन की पूर्व तैयारियों के तहत गुरुवार दोपहर 1 बजे उत्कृष्ट महाविद्यालय में पूरे विधि-विधान के साथ ध्वजारोहण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद जी एवं मां सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
जिला प्रचारक ने किया संबोधित
इस मौके पर जिला प्रचारक विनोद जी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के भाग्य निर्माण की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। उन्होंने युवाओं से देशभक्ति के भाव जागृत करने, व्यसन मुक्त जीवन अपनाने तथा देशहित के कार्यों में पूरी निष्ठा और प्राणपण से जुटने का आह्वान किया।
युवाओं ने की सहभागिता
कार्यक्रम में मुख्य रूप से संघ के जिला संघचालक शिरीष बिहारी मिश्रा, विभाग महाविद्यालयीन प्रमुख ऋषि अवस्थी, सह कार्यवाह शैलेश मोदी, नीरज रैकवार, उत्कर्ष उपाध्याय सहित संघ के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।


