भोपाल/परवेज खान/खबर डिजिटल/ एमपी के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बुधवार को राजधानी भोपाल के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर की जा रही स्वच्छता, सुरक्षा और विद्युत व्यवस्थाओं का जायजा लिया, और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
‘छठ पूजा समानता और सद्भाव का पर्व’
मंत्री सारंग ने कहा कि ‘छठ पूजा समानता और सद्भाव का पर्व है। सम्पूर्ण प्रदेश में सनातन धर्म के प्रत्येक त्यौहार को हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाए, यह हमारी सरकार की कटिबद्धता है।’
निरीक्षण के दौरान प्रशासन, नगर निगम और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री सारंग ने घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बिहार चुनाव पर मंत्री सारंग का बयान
मंत्री विश्वास सारंग बिहार में चुनाव प्रचार करके लौटे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि ‘वहां पुनः एनडीए की सरकार बनने जा रही है। बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डबल इंजन सरकार के विकास को देखा है और अब फिर से उसी विकास यात्रा को आगे बढ़ाने का मन बनाया है।’ उन्होंने आगे कहा कि ‘पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बिहार के हर क्षेत्र में विकास कार्य किए हैं, वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन से राज्य में कानून व्यवस्था सशक्त हुई है। बिहार की जनता ने लालू यादव का जंगलराज देखा है, इसलिए अब वह उसे वापस नहीं लाना चाहती।’


