केवलारी(सिवनी)/संतोष बंदेवार/खबर डिजिटल/ कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र के मठियाटोला गांव के पास गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पारिवारिक विवाद से परेशान एक विवाहिता अपने तीन मासूम बच्चों को लेकर तेज बहाव वाली नहर में कूद गई। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद दो युवकों की सतर्कता और साहस से बड़ा हादसा टल गया और महिला सहित चारों की जान बच गई।
अचानक तेज बहाव में लगा दी थी छलांग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मठियाटोला गांव निवासी महिला अपने 2 वर्षीय, 5 वर्षीय और 7 वर्षीय बच्चों के साथ नहर के किनारे पहुंची और अचानक तेज बहाव में छलांग लगा दी। इसी दौरान वहां मौजूद युवक सुनील पंचेश्वर और सकाराम ने महिला को नहर में कूदते हुए देख लिया। बिना देर किए दोनों युवकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में छलांग लगाई और महिला तथा तीनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दोनों युवकों की तत्परता से बची जान
दोनों युवकों की तत्परता और साहस से चार जिंदगियां बच सकीं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में सहयोग किया। बाद में महिला को समझाइश दी गई। फिलहाल महिला और तीनों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
दोनों युवकों की बहादुरी की सराहना
इस घटना के बाद क्षेत्र में दोनों युवकों की बहादुरी और मानवता की जमकर सराहना हो रही है। ग्रामीणों ने उन्हें इंसानियत की मिसाल बताया। वहीं चर्चा है कि पुलिस व प्रशासन की ओर से 26 जनवरी के अवसर पर दोनों युवकों को सम्मानित किया जा सकता है। यह घटना एक बार फिर यह साबित करती है कि संकट की घड़ी में आज भी समाज में ऐसे लोग मौजूद हैं, जो इंसानियत को सबसे ऊपर रखते हैं।


