भोपाल/खबर डिजिटल/ केंद्र सरकार द्वारा परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को संसद में लाने की संभावनाओं के बीच एक बार फिर संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने की चर्चा शुरू हो गई है। इसी बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी प्रस्तावित सिंगापुर यात्रा निरस्त कर दी है। बताया जा रहा है कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से राज्यों के प्रमुख नेताओं को नवंबर के अंतिम सप्ताह में अपने-अपने राज्य में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य से बाहर के कार्यक्रमों से बचने की हिदायत
पार्टी से जुड़े उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय नेतृत्व ने सभी राज्यों के नेताओं को फिलहाल राज्य से बाहर के कार्यक्रमों से बचने को कहा है। इसके बाद संसद का सत्र दोबारा बुलाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों का मानना है कि संसद के मानसून सत्र का औपचारिक अवसान नहीं होने के कारण उसी सत्र को आगे बढ़ाते हुए तीन दिनों की बैठक बुलाई जा सकती है।
निवेश जुटाने के लिए सिंगापुर जाने वाले थे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 23 से 28 नवंबर तक सिंगापुर की यात्रा पर जाने वाले थे। इस दौरान उनका उद्देश्य मध्य प्रदेश में निवेश के नए अवसर तलाशना और प्रदेश के लिए निवेश जुटाना था। यात्रा के लिए केंद्र सरकार से अनुमति लेने सहित अन्य तैयारियां और कार्यक्रम भी तय कर लिए गए थे। हालांकि, अंतिम समय में मुख्यमंत्री ने अपना दौरा निरस्त कर दिया। इसके बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में संसद सत्र को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों के चलते मुख्यमंत्री सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने बाहरी कार्यक्रमों में बदलाव किया है।
26 नवंबर से तीन दिवसीय सत्र की संभावना
पार्टी सूत्रों के अनुसार, संसद का नियमित शीतकालीन सत्र बुलाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत पहले अधिसूचना जारी करनी होगी। ऐसे में चर्चा है कि नया सत्र बुलाने के बजाय मानसून सत्र की निरंतरता में ही तीन दिनों की कार्यवाही आयोजित की जा सकती है। सूत्रों के हवाले से 26 नवंबर से तीन दिवसीय सत्र बुलाए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, संसद सचिवालय की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को लेकर आगे क्या निर्णय होता है, इस पर अब सबकी नजरें टिकी हैं।









