अरविन्द तिवारी, रीवा। शहर के अमहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरमौर चौराहा फ्लाईओवर पर अर्टिगा कार और टमाटर से लदे एक पिकअप वाहन के बीच जोरदार आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

लॉक हुए दरवाजे, शीशे तोड़कर निकाला गया बाहर
हादसे के तुरंत बाद अर्टिगा कार के सभी दरवाजे ऑटोमैटिक रूप से लॉक हो गए, जिससे भीतर फंसे घायलों को बाहर निकालने में दिक्कत आने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को देखते हुए पत्थर मारकर कार के शीशे तोड़े। इसके बाद कड़ी मशक्कत के साथ सभी पांच घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि टक्कर के समय कार के दोनों एयरबैग खुल गए, जिससे जान का बड़ा नुकसान टलने में मदद मिली।

संजय गांधी अस्पताल में उपचार, पुलिस जांच में जुटी
सभी घायलों को उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अर्टिगा सवार लोग फाफामऊ में आयोजित तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होकर वापस सतना लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दुर्घटना हो गई। अमहिया थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।









