कुलदीप खराड़ीया, आलीराजपुर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 8 पेटी बीयर और अन्य अवैध विदेशी मदिरा जब्त की है। रामपुरा गांव के जंगल में पुलिया के नीचे छिपाकर रखी गई शराब बरामद की गई, वहीं अलीराजपुर-नानपुर रोड के ढाबों पर भी कार्रवाई कर प्रकरण दर्ज किए गए।
आलीराजपुर जिले में अवैध मदिरा के कब्जे, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत 20 नवंबर को विभाग की टीम ने गश्त और वाहन चेकिंग के दौरान अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की।

मुखबिर से सूचना मिली कि जोबट वृत्त के ग्राम रामपुरा के जंगल में पुलिया के पास अवैध मदिरा छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर आबकारी टीम पंचों के साथ मौके पर पहुंची, जहां संबंधित व्यक्ति मौजूद नहीं मिले। टीम ने पुलिया के नीचे घास के ढेर की तलाशी ली, तो वहां से विदेशी मदिरा बीयर की 8 पेटियां बरामद हुईं।
कार्रवाई में कुल 96 बल्क लीटर बीयर जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 24 हजार 960 रुपये बताई गई है। शराब की मात्रा 50 बल्क लीटर से अधिक होने पर विभाग ने मदिरा को अपने कब्जे में लेकर मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
वहीं, आलीराजपुर वृत्त की टीम ने आलीराजपुर-नानपुर रोड पर गश्त और वाहन चेकिंग के दौरान ढाबों पर कार्रवाई करते हुए दो अन्य प्रकरण दर्ज किए। इन मामलों में 12.7 बल्क लीटर अवैध विदेशी मदिरा जब्त की गई।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। मामले में मुखबिर द्वारा बताए गए नामों की स्वतंत्र रूप से साक्ष्यों के आधार पर पुष्टि कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कुल कार्रवाई में अवैध मदिरा के 3 प्रकरण दर्ज किए गए और शराब जब्ती की कार्रवाई की गई।









