छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा जिले के तामिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ वार्ड बॉय नेपाल उईके का शव उसके ही मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है।बताया जा रहा है कि वह पिछले दो दिनों से लापता था मंगलवार को मकान के अंदर उसका शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर तामिया पुलिस मौके पर पहुंची और मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया अंदर नेपाल उईके का शव कुर्सी पर बैठी अवस्था में मिला।पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। मौत किन परिस्थितियों में हुई इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
चार-पांच साल से अस्पताल में कर रहा था काम
परिजनों के मुताबिक नेपाल उईके पिछले चार से पांच साल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तामिया में वार्ड बॉय के रूप में काम कर रहा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे जहां उन्हें नेपाल मृत अवस्था में मिला।वहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि नेपाल को कार्य में लापरवाही को लेकर पहले नोटिस जारी किया गया था और उसे समझाने का प्रयास भी किया गया था।
शराब की लत को लेकर मिल चुकी थीं शिकायतें
बीएमओ भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि नेपाल उईके शराब का आदि था।उसके संबंध में पहले भी कई बार शिकायतें मिल चुकी थीं।इसको लेकर उसे नोटिस जारी करने के साथ समझाइश भी दी गई थी।अस्पताल की टीम के साथ जब वे मौके पर पहुंचे तो नेपाल का शव मकान में मिला। उनके अनुसार उसके हाथों में शराब की बोतल भी थी।
पीएम रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा
घटना के बाद तामिया पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है पुलिस का कहना है कि फिलहाल मर्ग कायम कर सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नेपाल उईके की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।









