इंदौर/खबर डिजिटल/ इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 में आयोजित होने वाले क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भागीरथपुरा में प्रस्तावित ‘विधायक ट्रॉफी’ का नाम अचानक बदलकर ‘स्वाभिमान ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट’ कर दिया गया है। नाम में हुए इस बदलाव के साथ ही आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए बैनरों से मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय की तस्वीरें भी गायब हो गई हैं।
विधायक ट्रॉफी से स्वाभिमान ट्रॉफी हुआ नाम
जानकारी के मुताबिक, पहले इस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन भागीरथपुरा में ‘विधायक ट्रॉफी’ के नाम से किया जाना था। हालांकि, क्षेत्र में हुए राजनीतिक घटनाक्रम के बीच टूर्नामेंट का नाम बदलकर ‘स्वाभिमान ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट’ कर दिया गया। अचानक हुए इस बदलाव ने स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को हवा दे दी है।
बैनरों से भी गायब हुए कैलाश और आकाश विजयवर्गीय के फोटो
टूर्नामेंट के प्रचार के लिए लगाए गए बैनर भी चर्चा का विषय बन गए हैं। पहले जिन नामों और चेहरों को लेकर आयोजन की पहचान बताई जा रही थी, उनमें अब बदलाव नजर आ रहा है। नए बैनरों से प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय की तस्वीरें हटा दी गई हैं।
राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा बदलाव
टूर्नामेंट के नाम और प्रचार सामग्री में एक साथ हुए बदलाव को विधानसभा क्षेत्र की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, नाम बदलने और बैनरों से तस्वीरें हटाने के पीछे आयोजकों की ओर से कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है। ऐसे में अब यह बदलाव स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।









