इंदौर/खबर डिजिटल/ इंदौर में फूटी कोठी क्षेत्र के सब्जी विक्रेताओं के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर मध्यप्रदेश की सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर भाजपा सरकार और नगर निगम की कार्रवाई पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब सब्जी विक्रेताओं का रोजगार छीना जा रहा है और विरोध करने वालों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है।
सड़क पर बिखरी रोजी-रोटी
पटवारी ने अपनी पोस्ट में कहा कि फूटी कोठी पर मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाने वाले सब्जी विक्रेताओं की मंडी उजाड़ दी गई। कार्रवाई के दौरान उनका सामान जब्त किया गया और महिलाओं की रोजी-रोटी सड़क पर बिखर गई। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के समर्थन में पहुंचे कांग्रेस नेताओं के साथ भी दुर्व्यवहार और हाथापाई की गई।
गरीबों का रोजगार छीनने का लगाया आरोप
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में गरीबों के मकान तोड़े जा रहे हैं, दुकानें हटाई जा रही हैं और ठेले जब्त किए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मुख्यमंत्री के प्रभार वाले जिले में ही गरीबों के मकान और रोजगार पर कार्रवाई हो रही है, तो आम लोगों को न्याय की उम्मीद किससे करनी चाहिए। पटवारी ने अपनी पोस्ट में यह भी पूछा कि क्या इंदौर में गरीब होना अपराध है? क्या मेहनत करके अपने परिवार का पालन-पोषण करना गुनाह है और क्या सत्ता के सामने अपनी परेशानी रखना भी अब अपराध माना जाएगा?
भाजपा सरकार और नगर निगम को दी चेतावनी
जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार और इंदौर नगर निगम को चेतावनी देते हुए कहा कि गरीबों की थाली, परिवार और आजीविका पर होने वाले हमलों को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गरीबों और मेहनतकश लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ संघर्ष करेंगे। फूटी कोठी क्षेत्र में सब्जी विक्रेताओं के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर पटवारी के इस बयान के बाद इंदौर में राजनीतिक टकराव बढ़ने के आसार हैं।









