ग्वालियर/खबर डिजिटल/ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने अलग अंदाज और हास्यपूर्ण टिप्पणी को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में आ गए। ग्वालियर में आयोजित यंग थिंकर्स फोरम के आठवें संस्करण में उन्होंने मोबाइल फोन को ‘डब्बा’ बताते हुए खुद को मजाकिया अंदाज में ‘डब्बा मंत्री’ कह दिया। उनकी इस टिप्पणी पर कार्यक्रम में मौजूद युवाओं के चेहरे पर मुस्कान आ गई। इस दौरान सिंधिया ने युवाओं को मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर अहम संदेश भी दिया।
युवाओं को रोज दो घंटे मोबाइल से दूर रहने की सलाह
21 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने युवाओं से अपील की कि वे प्रतिदिन कम से कम दो घंटे मोबाइल फोन से दूरी बनाकर रखें। उन्होंने कहा कि मोबाइल का उपयोग केवल रील्स देखने, सोशल मीडिया पर स्क्रॉलिंग करने और मनोरंजन तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसके बजाय युवाओं को इस तकनीक का इस्तेमाल अपनी पढ़ाई, रिसर्च, नई जानकारियां हासिल करने और कौशल विकास के लिए करना चाहिए।
26 राज्यों के 300 युवा फोरम में शामिल
यंग थिंकर्स फोरम का यह तीन दिवसीय आयोजन युवाओं के विचारों और बौद्धिक संवाद को केंद्र में रखकर किया जा रहा है। इसमें देश के 26 राज्यों से लगभग 300 युवा हिस्सा ले रहे हैं। इस बार कार्यक्रम की थीम ‘भारतवर्ष का पुनर्जागरण’ रखी गई है।
11 सत्रों में 16 वक्ता रख रहे अपने विचार
फोरम के दौरान कुल 11 सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें 16 वक्ता अलग-अलग विषयों पर युवाओं के साथ संवाद कर रहे हैं। इन चर्चाओं में भारतीय संस्कृति, सभ्यता, अध्यात्म, विज्ञान और वैश्विक राजनीति जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
2047 के विकसित भारत में युवाओं की होगी अहम भूमिका
सिंधिया ने युवाओं की जिज्ञासा, सोचने की क्षमता और नए विचारों की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की युवा पीढ़ी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी। उन्होंने युवाओं को तकनीक का सही दिशा में इस्तेमाल करने और अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाने का संदेश दिया।









