खबर डिजिटल न्यूज़ कटनी मध्यप्रदेश के कटनी जिले में गरीबों के हक के फोर्टीफाइड चावल में बड़ी हेराफेरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर हुई जांच में 31 ट्रकों से भेजे गए 21 हजार से ज्यादा बोरे चावल की अफरातफरी का खुलासा हुआ है। प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परिवहनकर्ता फर्म 'मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस' को जिले में बैन कर दिया है, वहीं फर्म के चार पार्टनर्स के खिलाफ रंगनाथ नगर थाने में गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
*मुख्य बिंदु*
*
• गायब चावल की मात्रा: 31 ट्रकों में लदे 21,765 बोरे (कुल वजन 10,797.18 क्विंटल) फोर्टीफाइड चावल।
• कहां जाना था चावल: कटनी से हरदा, नीमच और इंदौर के गोदामों में होनी थी डिलीवरी।
• कैसे हुआ खेल: चावल को रास्ते में ही गायब कर कार्यालय में पेश कर दिए फर्जी डिलीवरी चालान और पावतियां।
• बड़ा एक्शन: मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम (भोपाल) ने फर्म को कटनी जिले में परिवहन कार्य से किया प्रतिबंधित।
फर्जी पावती लगाकर शासन को पहुंचाई आर्थिक क्षति
जानकारी के मुताबिक, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत चावल परिवहन के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 में मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस (चाकघाट) के साथ अनुबंध हुआ था। जांच में खुलासा हुआ कि कटनी से हरदा, नीमच और इंदौर के लिए रवाना किए गए 31 ट्रक निर्धारित गंतव्य तक पहुंचे ही नहीं। आरोपी पार्टनर्स ने चावल की कालाबाजारी/अफरातफरी कर दी और विभाग को गुमराह करने के लिए फर्जी डिलीवरी चालान तैयार कर उनकी पावतियां कार्यालय में जमा करा दीं।
इन 4 पार्टनर्स पर दर्ज हुई FIR
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिला आपूर्ति अधिकारी (डीएसओ) एवं प्रभारी जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम रविकांत सिंह ठाकुर ने रंगनाथ नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने फर्म के पार्टनर्स:
1. दीपक जैन
2. किशन केशरवानी
3. शांति मिश्रा
4. मनोज कुमार तिवारी
के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 338, 336(3), 340(2) और 318(4) के तहत अपराध क्रमांक 500/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
कलेक्टर की जांच टीम ने खोली परतें
मामले की शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने एक विशेष जांच दल का गठन किया था। इस टीम में डीएसओ रविकांत सिंह ठाकुर, तहसीलदार नजूल आकाश नीरज, नागरिक आपूर्ति निगम के केंद्र प्रभारी (कटनी, बड़वारा, विजयराघवगढ़ व मझगवां) अशोक पटाइत और केंद्र प्रभारी (बहोरीबंद, स्लीमनाबाद, ढीमरखेड़ा) नेहा अहिरवार शामिल थे। जांच टीम ने इसे निविदा शर्तों का खुला उल्लंघन, धोखाधड़ी और आवश्यक वस्तु अधिनियम के विपरीत पाया, जिसके बाद यह कड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई।









