राकेश यादव, सिवनी। केवलारी विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र के 17 शासकीय विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षों एवं आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार के लिए शासन ने कुल 19 करोड़ 25 लाख 31 हजार रुपये के निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है।
विधायक रजनीश हरवंश सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय प्रवास के दौरान विभिन्न ग्रामों के नागरिकों ने शासकीय विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण एवं शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की मांग रखी थी। विद्यार्थियों की आवश्यकताओं और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उन्होंने यह मांग मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के समक्ष उठाई थी।
विधायक ने कहा कि शासन ने इस मांग पर संवेदनशीलता दिखाते हुए केवलारी विधानसभा के 17 शासकीय विद्यालयों के लिए 19 करोड़ 25 लाख 31 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इससे विद्यालयों में आवश्यक निर्माण कार्य होंगे और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।



इस स्वीकृति को क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
विधायक रजनीश हरवंश सिंह ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केवलारी विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को आगे भी निरंतर शासन के समक्ष उठाते रहेंगे।









