भोपाल। महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के लीग चरण का आखिरी दिन बुधवार को खेला जा रहा है। दिन के पहले मैच में मलेशिया ने थाईलैंड को 4-0 से हराया। इसके बाद चीन और कोरिया के बीच मुकाबला शुरू हुआ। शाम 7 बजे मेजबान भारत का सामना जापान से होगा।
आखिरी क्वार्टर में मलेशिया के चार गोल
मैच के पहले तीन क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ। चौथे क्वार्टर में मलेशिया ने चार गोल दागकर जीत अपने नाम कर ली। थाईलैंड की टीम इस मैच में खाता नहीं खोल सकी।
भारत-जापान मैच नारी शक्ति को समर्पित
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत-जापान मैच को नारी शक्ति विशेष दिवस के रूप में मनाया जाएगा। खेल मंत्री के अनुसार इसका मकसद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और देश के निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। स्टेडियम का एक पूरा स्टैंड महिलाओं को समर्पित रहेगा, जिसमें प्रदेशभर की समाजसेवी और खिलाड़ी महिलाओं को बुलाया गया है।
दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला संभव
अंक तालिका के मुताबिक भारत और जापान ने चार-चार मैच खेले हैं और दोनों सभी मैच जीते हैं। दोनों के 12-12 अंक हैं, लेकिन गोल अंतर के आधार पर भारत पहले और जापान दूसरे स्थान पर है। वर्ल्ड रैंकिंग में भारत सातवें और जापान 11वें स्थान पर है। ऐसे में मुकाबला कड़ा रहने की उम्मीद है।
आगे का कार्यक्रम
27 नवंबर को पोजिशन मुकाबले होंगे। दोपहर 2 बजे पांचवें और छठे स्थान की टीमें भिड़ेंगी। शाम 4:30 बजे पहले और चौथे स्थान की टीमों के बीच मैच होगा, जबकि शाम 7 बजे दूसरे और तीसरे स्थान की टीमें खेलेंगी। 28 नवंबर को शाम 4:30 बजे ब्रॉन्ज मेडल और शाम 7 बजे गोल्ड मेडल का मुकाबला होगा। इसी के साथ 10 दिन चलने वाले इस टूर्नामेंट का समापन होगा।









