मनीष तिवारी, जबलपुर। शहर में मारपीट का एक मामला सामने आया है, जिसमें दयानंद सरस्वती वार्ड की पार्षद लवलीन आनंद के बेटे राजवीर आनंद पर युवक कौशल राजपूत के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया है। पीड़ित कौशल राजपूत के मुताबिक, पुराने विवाद को लेकर समझौते के लिए राजवीर आनंद अपने चार अन्य साथियों के साथ उसके पास पहुंचा और उसे कार में बैठाकर मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान पिस्तौल की बट से भी हमला किया गया। घटना में घायल कौशल देर रात खुद एक निजी अस्पताल पहुंचा, जहां उसे भर्ती कराया गया है। पीड़ित का दावा है कि पुराने विवाद के चलते उसके साथ पहले भी कई बार हमले हो चुके हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा है। फिलहाल सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद एफआईआर दर्ज करने की बात कह रही है।











