इंदौर/खबर डिजिटल/ शहर में विकास कार्यों को गति देने और सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई की है। विजय नगर क्षेत्र में सड़क निर्माण के रास्ते में बाधा बन रहे 9 भवनों को हटाया गया। नगर निगम की रिमूवल टीम ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की।
कृष्णा डेयरी वाला रोड पर हुई कार्रवाई
नगर निगम के भवन अधिकारी विशाल राठौर ने बताया कि आयुक्त क्षितिज सिंघल और अपर आयुक्त प्रखर सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। जोन क्रमांक 7 के वार्ड क्रमांक 29 अंतर्गत गली नंबर 15, विजय नगर स्थित कृष्णा डेयरी वाला रोड पर सड़क निर्माण में बाधक बन रहे 9 भवनों को हटाया गया। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर बाधक निर्माणों को हटाने की कार्रवाई पूरी की।
पुलिस बल की मौजूदगी में चला रिमूवल अभियान
कार्रवाई के दौरान भवन अधिकारी विशाल राठौर, भवन निरीक्षक शुभम पटेल, सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी और नगर निगम का रिमूवल दल मौजूद रहा। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर में विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।









