छिंदवाड़ा। कोतवाली थाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन से लौटते समय एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। सिवनी रोड इलाके में हुए इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के पीछे विसर्जन के दौरान नाचने को लेकर हुआ विवाद मुख्य वजह बताया जा रहा है। पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खापाभाट क्षेत्र से कुछ युवक मूर्ति विसर्जन के लिए छोटा तालाब गए थे। विसर्जन के दौरान नाचने की बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी और विवाद हो गया। हालांकि, उस समय मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाल लिया और मामला शांत हो गया। इसके बाद सभी लोग अपने-अपने घर के लिए रवाना हो गए।

भाई को बचाने पहुंचे युवक पर चाकू से वार
बताया जा रहा है कि विसर्जन के बाद घर लौटते समय सिवनी रोड क्षेत्र में कुछ लोगों ने अमन यादव को रोक लिया। घायल अमन यादव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि विसर्जन समिति के सदस्य कुछ युवकों को अलग कर रहे थे, जिससे कुछ लोग नाराज थे। घर लौटते वक्त आरोपियों ने उसके भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब अमन अपने भाई को छुड़ाने के लिए आगे बढ़ा, तो हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया और मारपीट के दौरान चाकू से दो बार वार किए। अमन के अनुसार, चाकू के दोनों वार उसकी कमर के पास लगे, जिससे वह घायल हो गया। घटना के समय वहां करीब 25 से 30 लोग मौजूद थे।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की पड़ताल शुरू की। घायल अमन यादव की शिकायत पर पुलिस ने प्रेम अंभोरे और कृष्णा अंभोरे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली थाना प्रभारी आशीष धुर्वे ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है, वहीं घायल युवक का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।









