भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में फर्जी सिम कार्ड के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय के नेतृत्व में चलाए गए ऑपरेशन फास्ट-2.0 के तहत प्रदेशभर में 504 संदिग्ध पॉइंट ऑफ सेल (POS) को निशाने पर लिया गया। इस कार्रवाई में अब तक 100 मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि 80 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
POS सेंटर और सिम विक्रेता शामिल
राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय के अनुसार, ऑपरेशन फास्ट-2.0 के तहत फर्जी सिम कार्ड जारी करने और उनके अवैध इस्तेमाल से जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई की गई है। जांच के दायरे में ऐसे POS सेंटर और सिम विक्रेता शामिल हैं, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गई थीं।
फर्जी सिम के नेटवर्क पर अंकुश
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य फर्जी दस्तावेजों और गलत पहचान के आधार पर सिम कार्ड जारी करने वाले नेटवर्क पर अंकुश लगाना है। ऐसे सिम कार्ड का इस्तेमाल साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में किए जाने की आशंका रहती है।
देश में अब तक सबसे बड़ी कार्रवाई
साइबर पुलिस मुख्यालय ने इस अभियान को फर्जी सिम के खिलाफ देश में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया है। ऑपरेशन के तहत संदिग्ध सिम विक्रेताओं की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









