राजगढ़। जिले में कथित रिश्वतखोरी और झूठे मामले में फंसाने की धमकी के आरोपों को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने कलेक्ट्रेट का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। आरोपों के मुताबिक, कालीपीठ पुलिस पर भैंस चोरी के प्रकरण और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर फरियादी से मोटी रकम मांगने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि शुरुआत में 7 लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसके बाद मामला 2 लाख रुपये में तय हुआ और कथित सौदे के तहत 50 हजार रुपये पहले ही लिए जा चुके हैं। फरियादी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने के बावजूद जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तब उन्हें लोकायुक्त की शरण लेनी पड़ी।
ब्यावरा में ट्रैप विफल, ऑडियो-वीडियो के आधार पर मामला दर्ज
जानकारी के अनुसार, ब्यावरा में लोकायुक्त की टीम द्वारा की गई ट्रैप की कार्रवाई पुलिसकर्मियों को भनक लग जाने के कारण सफल नहीं हो सकी। हालांकि, लोकायुक्त के पास इस मामले से जुड़े ऑडियो और वीडियो साक्ष्य सुरक्षित होने की बात सामने आई है, जिसके आधार पर संलिप्तता मानते हुए प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस पूरे घटनाक्रम ने ट्रैप की गोपनीय जानकारी लीक होने और संदिग्ध मोबाइल निगरानी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर बहस तेज हो गई है।
पूरे स्टाफ को हटाने की मांग, आंदोलन की चेतावनी
कलेक्ट्रेट पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी और हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी, उप निरीक्षक (एसआई) और होमगार्ड सैनिक सहित पूरे थाना स्टाफ को तत्काल निलंबित करने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के नाम अपर जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) को ज्ञापन सौंपा, जिसमें निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो वे कालीपीठ पुलिस के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे और आंदोलन को और अधिक तेज करेंगे।








