राजगढ़। जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र से जुड़ा एक बेहद चौंकाने वाला और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फरियादी राजाराम ने आरोप लगाया है कि चोरी की वारदात के बाद पुलिस ने न्याय करने के बजाय कथित तौर पर पैसे के लेनदेन के आधार पर आरोपियों को राहत दी और निर्दोष लोगों को फंसाने का खेल खेला। मामले में दो लाख रुपए की रिश्वत मांगने के आरोपों के बीच लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक सब इंस्पेक्टर (SI), एक होमगार्ड सैनिक सहित अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। हालांकि, बकाया रिश्वत की राशि देते समय टीम को बिना ट्रैप किए ही बैरंग लौटना पड़ा।
रात भर थाने में बैठे आरोपियों को छोड़ने का दावा
जानकारी के अनुसार, कालीपीठ थाना क्षेत्र में फरियादी की दो भैंसें चोरी हो गई थीं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि चोरी गई भैंसों में से केवल एक भैंस ही लौटाई गई, जबकि जिन संदिग्ध आरोपियों को रात भर थाने में बैठाए रखा गया था, उन्हें पुलिस ने कथित तौर पर भगा दिया और अन्य निर्दोष लोगों को मामले में फंसाने का प्रयास किया गया।
सात लाख से दो लाख पर अटका सौदा, पचास हजार पहले दिए
फरियादी राजाराम के मुताबिक, आरोपियों को पेश करने और कार्रवाई के नाम पर पहले सात लाख रुपए की मांग की गई थी, जो बाद में दो लाख रुपए में तय हुई। फरियादी का दावा है कि वह इसमें से पचास हजार रुपए पहले ही दे चुका था। बाकी डेढ़ लाख रुपए देने के लिए लोकायुक्त की टीम फरियादी के साथ ब्यावरा स्थित पुलिस पेट्रोल पंप के समीप पहुंची थी, लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही कोई भी संबंधित पुलिसकर्मी रकम लेने मौके पर नहीं आया, जिससे ट्रैप सफल नहीं हो सका। इसके बावजूद लोकायुक्त ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरियादी ने पूरे कालीपीठ थाने के स्टाफ को निलंबित करने की मांग की है, जिससे विभाग में हड़कंप मचा है।









