भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सीएम डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने कोविड-19 काल में सेवाएं देने वाले करीब 4 हजार स्वास्थ्यकर्मियों के समायोजन एवं पुनर्नियोजन की मांग की। उनका कहना है कि जल्द इस कर्मचारियों को उचित सेवाओं वापस लिया जाए।
पत्र में क्या खास
उमंग सिंघार ने पत्र में लिखा कि कोविड महामारी के कठिन समय में मध्यप्रदेश में डॉक्टर, आयुष चिकित्सक, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, एएनएम और अन्य स्वास्थकर्मियों ने लगभग दो वर्षों तक अपनी जान जोखिम में डालकर प्रदेश की जनता की सेवा की। बाद में इनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई, जिसके कारण आज लगभग 4 हजार अनुभवी स्वास्थ्यकर्मी अपनी मांगों को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।
वर्तमान स्थिति की बात
सिंघार का कहना है कि यह स्थिति इसलिए और गंभीर है, क्योंकि प्रदेश की सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में डॉक्टरों, नर्सों, फार्मासिस्टों, लैब टेक्नीशियनों सहित विभिन्न संवर्गों के बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं। स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न संवर्गों के रिक्त पदों तथा कोविड काल में सेवाएं दे चुके प्रशिक्षित एवं अनुभवी स्वास्थकर्मियों की उपलब्धता को देखते हुए, उनके समुचित समायोजन एवं पुनर्नियोजन के संबंध में एक स्पष्ट एवं व्यावहारिक नीति पर विचार किया जाना आवश्यक है। अत: कोविड काल में सेवाएं देने वाले इन पात्र एवं अनुभवी स्वास्थकर्मियों को यथाशीघ्र रोजगार उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक निर्णय लिए जाने का अनुरोध है।









