अरविन्द तिवारी, रीवा। रीवा के गढ़ क्षेत्र स्थित कुलदेवी मनकाठी माता मंदिर में मूर्ति खंडित किए जाने और धार्मिक सामग्री चोरी का मामला सामने आया है। गोरहा तालाब स्थित मंदिर में 19-20 नवंबर की दरमियानी रात हुई घटना से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है। पूर्व में भी मंदिर से घंटी, पूजा सामग्री और मूर्तियां चोरी होने की शिकायत दी जा चुकी है। मामले की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मंदिर को बार-बार निशाना बनाए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। घटना के विरोध और मंदिरों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर आज दोपहर 1 बजे बजरंग दल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और मंदिर के भक्तों की बैठक आयोजित की गई है। बैठक में दोषियों की गिरफ्तारी, विशेष पुलिस टीम के गठन और आगामी आंदोलन की रणनीति पर चर्चा होगी। अब सवाल है कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले में पुलिस कब तक आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करती है?










