खबर डिजिटल न्यूज़ कटनी-- ढाई वर्षों से अपनी बेटी की तलाश में परेशान परिवार के लिए आखिरकार राहत भरी खबर सामने आई है। बड़वारा पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत लगातार प्रयास करते हुए 10 फरवरी 2024 से लापता नाबालिग बालिका को मंदसौर से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटी की सुरक्षित वापसी से परिवार के चेहरे पर फिर मुस्कान लौट आई।
पुलिस के अनुसार, 10 फरवरी 2024 को बालिका के परिजनों ने थाना बड़वारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 71/24 के तहत धारा 363 भादवि में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
लंबे समय से लापता बालिका की तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। इसी दौरान तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से तलाश को आगे बढ़ाया गया। पुलिस टीम के प्रयासों के फलस्वरूप 20 नवंबर 2026 को बालिका को मंदसौर से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा गुमशुदा एवं अपहृत नाबालिगों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में बड़वारा पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
इनकी रही सराहनीय भूमिका: थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक मोनेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक आरिफ हुसैन, महिला आरक्षक रुपाली यादव एवं साइबर सेल के आरक्षक शुभम गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









