भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश में गरीबों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत बांटे जाने वाले सरकारी खाद्यान्न की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वर्ष 2025 में कटनी से तीन जिलों के लिए 32 ट्रकों में भेजा गया 10,973 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल कथित तौर पर अब तक लापता है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ रुपए बताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि एक साल बीतने के बाद भी इस खाद्यान्न का कोई पता नहीं चल पाया है। ये आरोप सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने लगाया है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
मामले को लेकर अब सरकार और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि मध्य प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम ने कटनी से तीन जिलों के लिए चावल की खेप रवाना की थी, लेकिन निर्धारित स्थानों तक खाद्यान्न नहीं पहुंचा। 32 ट्रकों में भेजे गए हजारों क्विंटल चावल के गायब होने से परिवहन व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पहले भी 36 ट्रक धान गायब करने का आरोप
इस मामले में सबसे गंभीर सवाल परिवहन का ठेका लेने वाली कंपनी भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को लेकर उठ रहा है। आरोप है कि इस कंपनी के खिलाफ पहले भी 36 ट्रक धान गायब होने के मामले में कार्रवाई की गई थी और उसे ब्लैकलिस्ट किया गया था। इसके बावजूद कंपनी को दोबारा सरकारी खाद्यान्न परिवहन का ठेका कैसे मिल गया, यह जांच का विषय बन गया है।
मुख्यमंत्री से जांच और कार्रवाई की मांग
इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जांच कराने की मांग की गई है। मांग उठाई गई है कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री से पूरे मामले की जानकारी ली जाए और गरीबों के हिस्से का चावल कहां गया, इसका पता लगाया जाए।साथ ही दोषी अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने तथा गायब हुए खाद्यान्न की कीमत जिम्मेदार लोगों से वसूलने की मांग की गई है। फिलहाल इस मामले में चावल की वास्तविक स्थिति, परिवहन में हुई कथित गड़बड़ी और जिम्मेदार लोगों की भूमिका को लेकर आधिकारिक जांच की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।









