नए साल की शुरुआत के साथ मध्य प्रदेश की सियासत में हलचल मचने के आसार हैं. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की टीम में बड़े फेरबदल की बातें जोर पकड़ रही हैं. अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि मौजूदा मंत्रिमंडल से चार चेहरों को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है और उनकी जगह नए लोगों को मौका मिलेगा. इस संभावित बदलाव में ब्राह्मण और यादव समाज के चेहरों को तरजीह दिए जाने की सुगबुगाहट है. इसके अलावा, सिंधिया गुट के एक मौजूदा मंत्री की छुट्टी और उसी खेमे से किसी नए नाम को शामिल करने की चर्चाएं भी राजनीतिक गलियारों में खूब चल रही हैं.
सिंधिया खेमे से एक मंत्री हो सकता है बाहर
कैबिनेट में संभावित बदलाव की खबरों के बीच सिंधिया समर्थक एक मंत्री के हटने की अटकलें हैं. हालांकि, इसके पीछे किसी तरह की नाराजगी या गुटबाजी जैसी वजह नहीं मानी जा रही है, बल्कि सियासी और प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखकर यह कदम उठाया जा सकता है. उनकी जगह सिंधिया गुट के ही किसी दूसरे नेता को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है.
आखिर किन मंत्रियों की कुर्सी खतरे में है?
सियासी हलकों में नागर सिंह चौहान और लखन सिंह पटेल के नामों पर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है. नागर सिंह चौहान से पहले ही वन और पर्यावरण जैसा अहम विभाग लिया जा चुका है. वहीं, लखन सिंह पटेल के पास से भी कुछ समय पहले पशुपालन विभाग की कमान वापस ले ली गई थी. हालांकि, इन दोनों नेताओं को लेकर अब तक कोई पक्की या आधिकारिक बात सामने नहीं आई है.
यूपी विधानसभा चुनाव बड़ी वजह
इस पूरे घटनाक्रम के पीछे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को एक बड़ी वजह माना जा रहा है. भाजपा मध्य प्रदेश के उन 14 जिलों की 35 सीटों पर अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है, जो उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे हैं. इसी जातीय और क्षेत्रीय गणित को साधने के लिए ब्राह्मण और यादव नेताओं को आगे लाने की तैयारी की जा रही है.
13 दिसंबर को कार्यकाल के 3 साल पूरे करेंगी मोहन सरकार
मोहन सरकार 13 दिसंबर को अपने शासन के तीन साल पूरे कर लेगी. इसके ठीक बाद 20 से 25 दिसंबर के बीच विधायकों और मंत्रियों के कामकाज का हिसाब-किताब देखा जाएगा. इस बार मंत्रियों को दूसरी बार और विधायकों को पहली बार अपना रिपोर्ट कार्ड देना होगा. माना जा रहा है कि इस मूल्यांकन का सीधा असर संभावित फेरबदल पर दिखेगा.
केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार का भी असर
यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि मध्य प्रदेश से किसी मंत्री को केंद्र में जिम्मेदारी मिल सकती है, जिससे राज्य की कैबिनेट में भी जगह खाली होगी. फिलहाल मुख्यमंत्री को मिलाकर मंत्रिमंडल में 31 सदस्य हैं, जबकि नियमों के मुताबिक 34 मंत्री हो सकते हैं. यानी अभी तीन पद खाली हैं. अगर चार मंत्रियों को हटाया जाता है, तो सात नए चेहरों के लिए मौका बन सकता है. अब देखना यह है कि नए साल में कैबिनेट का चेहरा कितना बदलता है, किसकी छुट्टी होती है और किसे नई जिम्मेदारी मिलती है. फिलहाल सबकी नजरें आधिकारिक फैसले पर टिकी हैं.









